सुपौल: कोसी नदी में नाव पलटी, 20 लोगों को आपदा मित्र की टीम ने सुरक्षित बचाया, डीएम ने बताया अफवाह

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के पिरगंज ठाड़ी धत्ता के पास शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे एक नाव कोसी नदी में पलट गई। हालांकि, एक बड़ी दुर्घटना से बचाव हो गया, क्योंकि समय पर आपदा मित्र की टीम ने नाव पर सवार सभी 20 लोगों को सुरक्षित बचा लिया। फिलहाल, दुर्घटनाग्रस्त नाव की खोज जारी है। जानकारी के मुताबिक, क्षमता से अधिक लोग नाव पर सवार थे, जो दुर्घटना का कारण बना।

सूत्रों के अनुसार, एक छोटी नाव (डेंगी) पर डेढ़ दर्जन से अधिक लोग नदी पार कर रहे थे, जब नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। कोसी नदी के तेज बहाव के कारण नाव बह गई, लेकिन नाव पर सवार सभी 20 लोग सुरक्षित निकाल लिए गए।

इस इलाके में बाढ़ के कारण पीरगंज से दुबियाही जाने वाली सड़क का लगभग 20 फीट हिस्सा कटकर बह चुका है, जिसके चलते लोग नाव का सहारा लेकर यात्रा कर रहे हैं। बताया जाता है कि कोसी नदी के तेज बहाव और क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण यह हादसा हुआ।

जानकारी देते हुए आपदा मित्र मो. समीउल्लाह ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर तत्परता से बचाव कार्य शुरू किया। समीउल्लाह और उनकी टीम बाढ़ राहत शिविर की ओर जा रहे थे, जब उन्होंने इस हादसे को होते देखा। उन्होंने अपने सहयोगी मो. आदम और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद घटना की सूचना अंचलाधिकारी और बीडीओ को दी गई।

इस बीच, सुपौल के डीएम कौशल कुमार ने नाव डूबने की खबर को गलत बताया है। उन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि किशनपुर में नाव डूबने की घटना की अफवाह फैलाई जा रही है। डीएम ने स्पष्ट किया कि तटबंध के पास पानी कम होने के कारण नावें जमा हुई गाद में फंस रही हैं, और इसे नाव डूबने का मामला बताना गलत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उथले पानी में नाव का उपयोग न करें और सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]