सुपौल: खेत में काम करने के दौरान वज्रपात से किसान की मौत, परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से किया इंकार

न्यूज़ डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले अंतर्गत राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत में बुधवार की सुबह वज्रपात होने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक किसान की पहचान नगर पंचायत सिमराही वार्ड 1 निवासी 32 वर्षीय श्यामसुंदर शर्मा के रूप में किया गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय किसान एनएच 57 किनारे स्थित अपने धान की फसल लगी खेत में कुदाल चला रहा था। इसी दौरान वज्रपात हो गई, जिसके चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी देते परिजनों ने बताया कि बारिश के कारण खेत में काफी पानी लग गया था, उसी पानी को खेत से निकालने के लिए श्याम सुंदर अपने खेत में मेढ़ को काट रहा था, इसी दौरान यह घटना घट गई।

घटना के बाद जब सूचना पर राघोपुर पुलिस मृतक किसान के घर पहुंची तो मृतक के परिजनों तथा ग्रामीणों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। परिजनों का आरोप था कि यह लाभ सरकार का सिर्फ लॉलीपॉप है, जबकि इसे प्राप्त करने में कार्यालय का चक्कर लगाते लगाते लोगों का चप्पल घिस जाता है, बावजूद लाभ नहीं मिलता है। कहा कि इससे पहले भी इस प्रकार की घटना हुई है, लेकिन लाभ के लिए अभी तक परिजन चक्कर काट रहे हैं, लेकिन लाभ नहीं मिल सका। कहा कि मृतक के परिवार में अब सिर्फ उसकी पत्नी और चार बच्चे हैं, जो कार्यालय का चक्कर लगाने में सक्षम नहीं है। इसलिए हमलोगों को शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाना है।

वहीं इस घटना के बाद मृतक की पत्नी सीमा देवी, बच्चे 14 वर्षीय पुत्री सुचिता कुमारी, 12 वर्षीय पुत्र विकास कुमार, 8 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी और 6 वर्षीय प्रियांशू कुमारी का रो रोकर बुरा हाल था। पत्नी अपने पति का शव देखकर बार बार बेहोश हो जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]