सुपौल: छातापुर के ग्वालपाड़ा में संजीव मिश्रा का जनसंपर्क अभियान, नल-जल योजना को बताया विफल

न्यूज डेस्क सुपौल:

वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पनोरमा ग्रुप के प्रबंध निदेशक संजीव मिश्रा ने शुक्रवार को छातापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्वालपाड़ा पंचायत में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

जनसमुदाय को संबोधित करते हुए श्री मिश्रा ने बिहार सरकार की बहुचर्चित ‘हर घर नल का जल’ योजना पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह योजना धरातल पर पूरी तरह विफल हो चुकी है। “छातापुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में यह योजना सिर्फ कागजों पर ही सफल है,” उन्होंने आरोप लगाया।

श्री मिश्रा ने दावा किया कि योजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन लोगों को न तो शुद्ध पानी मिल रहा है और न ही आयरन मुक्त जल की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने इसे “व्यापक घोटाले की उपज” बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा, “यदि ईमानदारी से जांच हो, तो इसमें कई बड़ी मछलियाँ फँस सकती हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि योजना का उद्देश्य स्वच्छ पेयजल मुहैया कराना था, लेकिन भ्रष्टाचार और सरकारी लापरवाही के कारण यह केवल उद्घाटन और घोषणाओं तक सीमित रह गई है।

जनसंपर्क के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने क्षेत्र की पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं श्री मिश्रा के समक्ष रखीं। मिश्रा ने कहा, “अब जनता को झूठे वादों से नहीं, बल्कि ठोस समाधान की आवश्यकता है। वीआईपी पार्टी आम जनता के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]