सुपौल: छात्रों को 70 किमी दूर परीक्षा केंद्र भेजने पर वीरपुर में एबीवीपी का विरोध प्रदर्शन, बीएनएमयू कुलपति का किया पुतला दहन

News Desk Supaul:

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई वीरपुर के द्वारा शुक्रवार को ललित नारायण मिश्र स्मारक महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर बीएनएमयू (भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय) के कुलपति का पुतला दहन किया गया। कार्यकर्ताओ ने यूजी-पीजी का परीक्षा केंद्र दूसरे जिला में बनाये जाने पर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी देते हुए एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सागर सत्या ने कहा कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सुपौल जिले में आयोजित न कर छात्रों को बाहर भेजना कहीं से भी छात्र हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि ललित नारायण मिश्र स्मारक महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को लगभग 70 से 75 किलोमीटर दूर सुपौल परीक्षा देने जाना पड़ेगा जबकि सुपौल के छात्र-छात्राओं को करीब 65 किलोमीटर दूर मधेपुरा में परीक्षा केंद्र दिया गया है। इतनी दूरी तय कर परीक्षा देना छात्रों के लिए कठिनाई भरा और दुर्भाग्यपूर्ण है।

एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मांग की कि स्नातक एवं स्नातकोत्तर की परीक्षा केंद्र व्यवस्था छात्र सुविधा को ध्यान में रखकर उनके गृह जिले में ही की जाए। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

मौके पर शिवजी कुमार, अभिषेक पाठक, आशीष कुमार सहित कई एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]