सुपौल टाउन हॉल में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाइव वेबकास्टिंग, 400 जीविका दीदियों ने लिया हिस्सा

News Desk Supaul:

जिले टाउन हॉल में शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लाइव वेबकास्टिंग आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न जीविका समूहों की लगभग 400 महिलाएं शामिल हुईं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर SVEEP गतिविधियों को भी शामिल किया गया, जिसके तहत सभी जीविका दीदियों को आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जीविका समूह की महिलाएं सिर्फ अपने लिए ही नहीं बल्कि पूरे समाज को प्रेरित करें। उन्होंने आह्वान किया कि महिलाएं अपने-अपने मोहल्लों और गांवों में 18 वर्ष से ऊपर के सभी महिला एवं पुरुष मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाने और लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी सुनिश्चित करने में भूमिका निभाएं।

इसी क्रम में सहायक नोडल पदाधिकारी शैलेश कुमार ने उपस्थित महिलाओं को शपथ दिलाते हुए कहा— “वोट देने जाना है, अपना फर्ज निभाना है।” उन्होंने संकल्प दिलाया कि प्रत्येक ग्रामीण को मतदान में शामिल किया जाए तथा यह व्यापक संदेश फैलाया जाए कि मतदान हर नागरिक का अधिकार है और इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने रंगोली के माध्यम से मतदान के महत्व पर जनहित संदेश भी प्रस्तुत किए, जिससे महिलाओं की रचनात्मकता और लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का सुंदर संगम दिखाई दिया।

इस मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जीविका ने सभी समूहों को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सशक्तिकरण प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के प्रबंधक शैलेश कुमार, कार्यपालक सहायक विवेक कुमार एवं अभिषेक कुमार, BPM जीविका सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *