सुपौल: दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु राघोपुर में शांति समिति की आयोजित हुई बैठक, दिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

News Desk Supaul:

राघोपुर थाना परिसर में आगामी दुर्गा पूजा को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बुधवार को एसडीएम नीरज कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में डीएसपी सुरेंद्र कुमार, बीडीओ ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष अमित कुमार, अपर थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे। बैठक में पूजा समिति के सदस्यों और प्रखंड क्षेत्र के प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।

एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के सभी चिन्हित दुर्गा मंदिरों और मेले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा, हर प्रमुख चौक-चौराहे पर मजिस्ट्रेट भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि मेले और पूजा स्थलों पर असामाजिक तत्वों और मनचलों पर विशेष नजर रखी जाएगी। एसडीएम ने समिति के सदस्यों को यह निर्देश दिया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें और यदि कहीं पर कोई अफवाह फैलाने की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाने की अपील भी की। पूजा पंडालों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी और मेला आयोजित करने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है।

डीएसपी सुरेंद्र कुमार मंडल ने कहा कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, पूजा समिति को बिजली का अस्थायी कनेक्शन लेना आवश्यक है और समिति के सभी कार्यकर्ताओं के लिए आईडी कार्ड बनाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि रात्रि 10 से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर बजाना वर्जित है। जुलूस में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और पूजा स्थल पर किसी भी प्रकार के भड़काऊ पोस्टर लगाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि पुलिस असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखेगी और किसी भी प्रकार की शरारती गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरतेगी और संवेदनशील इलाकों में गश्ती बढ़ाई जाएगी।

मौके पर कमल प्रसाद यादव, महेंद्र प्रसाद गुप्ता, बैद्यनाथ प्रसाद भगत, ललित जायसवाल, शैलेन्द्र सिंह, अशोक भगत, सचिन माधोगड़िया, प्रकाश यादव, उमेश गुप्ता, बिनोद अग्रवाल, राधेश्याम भगत, अताउर रहमान, नूर आलम, प्रमोद साह, राधा देवी, दिलीप पूर्वे, संजीव यादव, सुरेश यादव, अकरम, नूर आलम, सतीश कुमार सहित थाना के अधिकारी व विभिन्न मेला कमिटि के अध्यक्ष मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]