सुपौल: पिपरा में दर्दनाक सड़क हादसा, आक्रोशित लोगों ने NH 106 को किया जाम

रिपोर्ट : अमरेश कुमार|सुपौल

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटिंग चौक के समीप सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) 106 पर एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने बाइक सवार युवक को बुरी तरह कुचल दिया। घायल युवक को आनन-फानन में पुलिस द्वारा एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान करजाइन थाना क्षेत्र के हरीरहा गांव निवासी 20 वर्षीय नीतीश सादा के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने निजी क्लिनिक से शव मंगवाने और मृतक के परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग करते हुए NH 106 को कटिंग चौक के समीप जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी घंटों तक सड़क पर जमे रहे, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, नीतीश सादा देर रात अपने गांव हरीरहा से अपनी ससुराल मकरोय गांव जा रहे थे। इसी दौरान कटिंग चौक के समीप तेज गति से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल नीतीश को पुलिस ने निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

स्थिति और भी तनावपूर्ण तब हो गई जब निजी क्लिनिक प्रबंधन ने इलाज के खर्च की मांग करते हुए शव पर अपना कब्जा बनाए रखा। मृतक के परिजनों का कहना है कि वे तत्काल क्लिनिक का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं। शव को सौंपने में हो रही देरी और खर्च की मांग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि शव को बिना शर्त परिजनों को सौंपा जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार पिकअप वाहन व चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]