सुपौल: प्रतापगंज में आपसी विवाद में चली गोली, एक गंभीर रूप से घायल, दोनों पक्षों के चार लोग जख्मी

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर उत्तर पंचायत के राम टोला में शनिवार को आपसी विवाद के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई। इस घटना में एक व्यक्ति को गोली लगने से गंभीर चोट आई है, वहीं दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो महिलाओं सहित कुल चार लोग घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) प्रतापगंज भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गोली लगने से घायल अरविंद राम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

गोली पीड़ित का बयान

गोली से घायल अरविंद राम ने बताया कि “स्कूल से छुट्टी होने के बाद मैं घर आया था। इसी दौरान मेरे भतीजे रोहित कुमार ने फोन कर बताया कि पिंटू राम और उसके साथी हमें घेर लिए हैं। मैंने उसे किसी तरह वहां से निकल आने की सलाह दी। रोहित जैसे-तैसे घर लौट आया। कुछ देर बाद उसने फिर फोन कर बताया कि पिंटू और अन्य लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। यह सुनकर मैं मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा, तभी पिंटू राम ने मुझ पर गोली चला दी।”

दूसरे पक्ष का पक्ष

वहीं दूसरी ओर इस घटना में गंभीर रूप से जख्मी प्रवीण कुमार उर्फ पिंटू राम ने बताया कि “मैं अपने दोस्त ऋषभ के साथ सिमराही से पंचायत कर लौट रहा था। घर पहुंचते ही रोहित और अन्य लोगों ने हम दोनों पर हमला कर दिया। इस दौरान मेरी मां और पत्नी भी मारपीट में बुरी तरह घायल हो गईं। तभी रोहित ने हम पर गोली चला दी, जो मेरे पास से निकलकर अरविंद राम को जा लगी।”

डॉक्टर का बयान

सीएचसी प्रतापगंज के प्रभारी चिकित्सक डॉ. नूर आलम ने बताया कि गोली अरविंद राम के कमर के पीछे दाहिनी ओर लगी है और वह शरीर के अंदर फंसी हुई है। मरीज को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]