सुपौल: प्रतापगंज में तेज रफ्तार ट्रक ने मासूम की ली जान, मां गंभीर रूप से घायल, परिजन में मचा कोहराम

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 27 पर सोमवार की संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गढ़िया चौक स्थित महादेव मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने सड़क पार कर रही एक मां और उसके मासूम बेटे को बेरहमी से कुचल दिया। इस हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़िया वार्ड नंबर 14 निवासी घनश्याम यादव की पत्नी पूनम देवी (35 वर्ष) अपने तीन वर्षीय बेटे बाबुल कुमार के साथ शाम के समय अपने घर के पास एनएच 27 पार कर रही थीं। उसी दौरान सिमराही की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक फारबिसगंज की दिशा में जाते समय दोनों को रौंदते हुए फरार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि मासूम बाबुल कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रतापगंज थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए घायल महिला को तत्काल रेफरल अस्पताल, राघोपुर भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पूनम देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया।

जन आक्रोश और विरोध प्रदर्शन

हृदयविदारक हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने एनएच 27 को घटनास्थल के पास एक घंटे तक जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गढ़िया चौक समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल व्याप्त है। हर कोई मासूम की असमय मौत और मां की गंभीर स्थिति को लेकर चिंतित और व्यथित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]