सुपौल: भपटियाही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4200 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद, दो गिरफ्तार

News Desk Supaul:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भपटियाही थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान एक चारपहिया वाहन (मैजिक पिकअप) से 4200 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप करीब 420 लीटर बरामद किया है। साथ ही तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

बरामद कफ सिरप

जानकारी देते हुए भपटियाही थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक वाहन में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप लोड कर सीमावर्ती इलाकों की ओर भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-27 पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान BR 09 GC 4593 नंबर की पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें कुल 28 कार्टून में भरी 4200 बोतल करीब 420 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया दोनों की पहचान बेगूसराय जिले के बखरी निवासी सूरज कुमार तथा सुमित कुमार के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्करों से पूछताछ की गई, लेकिन वे प्रतिबंधित कफ सिरप की ढुलाई के संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इस मामले में भपटियाही थाना कांड संख्या 216/25 दर्ज कर आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई की कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]