सुपौल मंडल कारा में देर रात औचक छापेमारी, गांजा बरामद, प्राथमिकी के निर्देश

News Desk Supaul:

सुपौल सदर के अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार अनुभवी के नेतृत्व में शुक्रवार को मंडल कारा सुपौल में औचक छापेमारी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। यह छापेमारी करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली, जिसमें जेल के सभी 12 वार्डों की अलग-अलग टीम बनाकर गहन जांच की गई।

तलाशी अभियान के दौरान प्रत्येक वार्ड के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस दौरान जेल में बंद सभी बंदियों से पूछताछ की गई और अवैध व अवांछित वस्तुओं के संबंध में जानकारी ली गई। सघन छापेमारी के क्रम में मंडल कारा के एक वार्ड से कुछ मात्रा में गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की जब्ती सूची तैयार कर जेल प्रशासन को सुपौल थाना में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।

औचक छापेमारी के दौरान जेल के पदाधिकारियों एवं कर्मियों से भी पूछताछ की गई तथा उन्हें जेल में लगातार निरीक्षण एवं आवश्यक छापेमारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन का भी आदेश दिया गया।

जेल में बंद बंदियों को सख्त चेतावनी दी गई कि किसी भी परिस्थिति में यदि मोबाइल, चार्जर या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा अन्य अवैध सामग्री पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जेल प्रशासन को बंदियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत जानकारी जिला प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया।

इस गहन जांच अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (पुलिस लाइन), सभी थाना के थाना प्रभारी, सुपौल प्रखंड के अंचलाधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारी, सरायगढ़ प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी सहित अन्य दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]