सुपौल : मद्य निषेध थाना सिमराही की बड़ी कार्रवाई, 290 बोतल कफ सिरप बरामद

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मद्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस ने आचार संहिता के बीच गुरुवार की शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के परसरमा गांव वार्ड नम्बर 6 से भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने मौके से कुल 290 बोतल कफ सिरप जब्त किया है, जो अवैध रूप से तस्करी की जा रही थी।

मद्य निषेध थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि परसरमा क्षेत्र में एक घर में नशीली कफ सिरप की खेप रखी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और छापेमारी की कार्रवाई की गई। जांच के दौरान संदिग्ध जगह से भारी मात्रा में कफ सिरप की बोतलें बरामद की गईं।

थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद कोडीन युक्त सिरप की बाजार में अवैध बिक्री होती है। यह सामान बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आता है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने मौके से एक महिला आशा देवी पति आलोक यादव उम्र 35 वर्ष को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है। बरामद सिरप को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि जब्त कफ सिरप की कुल अनुमानित कीमत 50 हजार से ज्यादा बताई जा रही है। मामले की छानबीन जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है, और ऐसे समय में नशे के कारोबार पर प्रशासन की यह कार्रवाई चुनावी माहौल को स्वच्छ एवं भयमुक्त बनाए रखने की दिशा में एक सख्त कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]