सुपौल: महिला ITI कॉलेज के हॉस्टल में छात्रा की फंदे से झूलती मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

सुपौल सदर बाजार स्थित महिला आईटीआई कॉलेज के हॉस्टल के एक कमरे में एक छात्रा की फंदे से झूलती लाश मिलने से इलाके में दहशत फैल गयी है। घटना की जानकारी मिलते ही सदर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज जांच में जुट गई है।

मृतका की पहचान निर्मली थाना क्षेत्र के वेला सिंगारमोती निवासी रामएकबाल महतो की पुत्री 20 वर्षीय पुनिता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतका पुनिता कुमारी सत्र 2023-25 की छात्रा थी। घटना की जानकारी तब लोगों को हुई जब कॉलेज की अन्य छात्राओं ने देखा कि होस्टल में पुनिता का कमरा सुबह काफी देर तक बंद था। जिसके बाद दरवाजा पीटने पर भी कमरे के अंदर से किसी तरह की आवाज नहीं आ रही थी। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो पाया कि पुनिता की लाश फंदे से झूल रही है। जिसके बाद शव को बरामद कर पोस्टमार्टम में भेज घटना की जांच में पुलिस जुट गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन भी घटना स्थल पर पहुंचे।

इधर, सदर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सुसाइड का लगता है। विभिन्न बिंदुओ पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *