सुपौल में बड़ा नाव हादसा, एक महिला की मौत, चार लोग अब भी लापता

News Desk Supaul:

सुपौल जिले में मंगलवार देर शाम एक बड़ा नाव हादसा सामने आया है। त्रिवेणीगंज प्रखंड के बेलापट्टी गांव के समीप मिर्चईया नदी में एक नाव पलट गई। हादसे के समय नाव पर 11 लोग सवार थे, जिनमें से 9 महिलाएं शामिल थीं। हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम का माहौल है।

मजदूरी से लौट रही थीं महिलाएं

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार नाव पर सवार सभी लोग छातापुर थाना क्षेत्र के चकला गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि महिलाएं नदी पार मजदूरी करने गई थीं और देर शाम लौटने के दौरान हादसा हुआ। जैसे ही नाव नदी के बीचोंबीच पहुंची, तेज धारा के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। देखते ही देखते नाव पर सवार सभी लोग नदी में गिर गए।

सात लोगों को बचाया गया, चार लापता

हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लेकिन चार लोग अब भी नदी में लापता बताए जा रहे हैं। घटना में एक महिला की मौत हो चुकी है, जिसकी पहचान चकला गांव निवासी के रूप में हुई है।

प्रशासन अलर्ट, NDRF की टीम बुलाई गई

हादसे की जानकारी मिलते ही त्रिवेणीगंज के एसडीएम अभिषेक कुमार, एसडीपीओ, थानाध्यक्ष, सीओ समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने बताया कि एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को तुरंत घटनास्थल पर बुलाया गया है और लापता लोगों की खोजबीन की जा रही है।

गांव में मातम

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही चकला गांव में कोहराम मच गया। मृतक महिला के घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजन और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग प्रशासन से जल्द से जल्द लापता लोगों को ढूंढ निकालने की गुहार लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *