सुपौल: मोंथा तूफान का असर, राघोपुर थाना व सिमराही बाजार जलमग्न, खेतों में डूबी धान की फसल, मूसलाधार बारिश से जनजीवन ठप

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में मोंथा तूफान के प्रभाव से गुरुवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह ठप कर दिया है। तूफान के कारण हो रही भारी वर्षा से नगर पंचायत सिमराही सहित आसपास के अधिकांश इलाके जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

राघोपुर थाना में लगा पानी

सिमराही मुख्य बाजार, गोल बाजार हाट तालाब में तब्दील हो चुका है। कई दुकानों में पानी घुस जाने से व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। राघोपुर थाना, रेफरल अस्पताल सिमराही, डॉक्टर आवास परिसर, सिमराही मुख्य चौक (एनएच 106), हॉस्पिटल रोड और बाइपास मार्ग पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सिमराही बाजार NH 106 पर लगा पानी

स्थानीय निवासियों ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को तीन साल से अधिक बीत गए, लेकिन बाजार में जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। थोड़ी सी बारिश में ही बाजार की स्थिति बदतर हो जाती है, और इस बार मोंथा तूफान के कारण हालात नरकमय हो गए हैं।

रेफरल अस्पताल राघोपुर में लगा पानी

लोगों ने जनप्रतिनिधियों और नगर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय विकास की बातें करने वाले नेता अब लोगों की तकलीफ देखने तक नहीं आ रहे। बाजारवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

पानी मे डूबी धान की फसल

धान की फसल भी बर्बाद

वही लगातार बारिश से किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी धान की फसल पूरी तरह पानी में डूब गई है, जिससे फसल खराब होने लगी है। कई किसानों ने बताया कि उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर गया, और अब उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा। खेतों में जलजमाव कम नहीं होने से फसल बचाने की उम्मीद भी खत्म होती दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]