सुपौल में रिश्तों का कत्ल: मोबाइल खरीदने के लिए पैसे नहीं देने पर भतीजे ने चाचा पर ताना देसी कट्टा, ग्रामीणों ने दबोचकर सौंपा पुलिस को

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के प्रतापगंज प्रखंड अंतर्गत चिलौनी उत्तर पंचायत के तीन टोलिया गांव वार्ड संख्या 7 में बुधवार की रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपने ही चाचा पर देसी कट्टा तान दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा। लेकिन परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई और आरोपी युवक को हथियार समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना के संबंध में पीड़ित चाचा रविन्द्र कुमार यादव ने थाना में दिए गए लिखित आवेदन में बताया कि उनका भतीजा नारायण कुमार (उम्र 19 वर्ष), जो उनके बड़े भाई जीवछ यादव का एकलौता पुत्र है, बुधवार को बाबाधाम (झारखंड) से श्रावणी यात्रा कर वापस लौटा था। घर लौटते ही नारायण ने बताया कि यात्रा के दौरान उसका मोबाइल फोन कहीं खो गया है और वह नया मोबाइल खरीदने के लिए परिजनों से रुपये की मांग करने लगा।

जब परिजनों ने रुपये देने से फिलहाल असमर्थता जताई और कहा कि अगले दिन दे दिया जाएगा, तो नारायण उग्र हो गया और घर में झगड़ा शुरू कर दिया। उसके तेज स्वर में झगड़ने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। तभी नारायण ने अपने कमर में छुपा कर रखा देसी कट्टा निकाल लिया और सीधे अपने चाचा रविन्द्र यादव की ओर तान दिया। उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

यह दृश्य देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थिति को बिगड़ते देख गांव के ही नागेश्वर कुमार और नारायण के पिता जीवछ यादव ने हिम्मत दिखाते हुए युवक से हथियार छीन लिया और उसे घर में बंद कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रतापगंज थानाध्यक्ष प्रमोद झा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को देसी कट्टे के साथ पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी नारायण कुमार को गिरफ्तार कर थाना ले आई।

इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि पीड़ित चाचा के आवेदन के आधार पर नारायण के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम (Arms Act) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]