सुपौल: मोतीपुर अग्निकांड के बाद पीड़ितों के बीच पहुंचे भाजपा नेता सचिन माधोगरिया, राहत सामग्री बांटकर दिया सहारा

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर प्रखंड के मोतीपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या 5 में बीती रात अचानक लगी भीषण आग से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर तीन परिवारों के कुल छह आवास पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। वहीं पास के एक अन्य घर का आंशिक हिस्सा भी प्रभावित हुआ, हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से उस घर का अधिकांश सामान सुरक्षित निकाल लिया गया।

इस अग्निकांड में घरेलू सामान, अनाज, कपड़े व अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर खाक हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवारों की स्थिति इतनी दयनीय हो गई है कि उनके पास अब केवल तन पर पहने कपड़े ही शेष रह गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन माधोगडिया मौके पर पहुंचे और अग्निपीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने राहत स्वरूप साड़ी, लूंगी, अनाज एवं कंबल का वितरण किया, ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मिल सके।

इस दौरान सचिन माधोगडिया ने पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आग जैसी आपदाएं परिवारों को गहरे मानसिक और आर्थिक संकट में डाल देती हैं। ऐसे समय में समाज के सभी वर्गों को आगे आकर पीड़ितों की मदद करनी चाहिए।

राहत सामग्री मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने संतोष जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में मिली मदद से उन्हें संबल मिला है। वहीं गांव के लोगों ने भी राहत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि आपदा के समय भाजपा नेता सचिन माधोगरिया की सक्रियता पीड़ितों के लिए बेहद सहायक साबित होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]