सुपौल: मोबाइल ब्लास्ट से हादसा, जेब में रखा मोबाइल फटने से चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खूंटी वार्ड 3 में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पेंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला

घटना शुक्रवार की सुबह की है, जब लक्ष्मीपुर खूंटी के रहने वाले विजय मंडल अपने किसी काम के सिलसिले में छातापुर जाने के लिए घर से बाहर निकल रहे थे। बाइक पर बैठने से पहले ही उन्होंने महसूस किया कि उनकी पेंट की जेब से धुआं निकल रहा है। यह देखते ही वे घबरा गए और चीखने लगे। धुआं उठता देख उनका भाई तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़ा और जेब में रखा मोबाइल फोन निकालने की कोशिश की। लेकिन तभी मोबाइल अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया।

ब्लास्ट के बाद क्या हुआ

मोबाइल ब्लास्ट होने की वजह से विजय मंडल की पेंट में आग लग गई, जिससे उनकी जांघ में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद उनके भाई ने उन्हें बचाने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ भी झुलस गए। शोर-शराबा सुनकर विजय की मां और पिता भी वहां पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान आग बुझाने के क्रम में उनके हाथ भी झुलस गए।

इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती

हादसे के तुरंत बाद घायलों को छातापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, विजय मंडल की हालत गंभीर है और उनके जांघ में गहरा जख्म है। वहीं, उनके भाई, मां और पिता के हाथों में हल्की चोटें आई हैं।

कैसे हुआ हादसा

परिवार के अनुसार, विजय मंडल के पास वीवो कंपनी का एक पुराना मोबाइल था, जिसे उन्होंने करीब पांच साल पहले खरीदा था। मोबाइल काफी पुराना और बार-बार चार्ज करने के कारण गर्म हो जाता था। हालांकि, किसी को उम्मीद नहीं थी कि यह इस तरह से ब्लास्ट कर जाएगा। घटना के बाद परिवार वाले बेहद सदमे में हैं और उन्होंने इस हादसे के पीछे मोबाइल की खराब बैटरी को जिम्मेदार ठहराया है।

मोबाइल ब्लास्ट के पीछे का कारण

इस घटना ने एक बार फिर से मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक उपयोग में रहने वाले मोबाइल की बैटरी अगर कमजोर हो जाए तो वह कभी भी फट सकती है। खासकर तब, जब मोबाइल ओवरहीट हो जाए या फिर खराब बैटरी का इस्तेमाल किया जाए।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही छातापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस अपनी तरफ से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]