सुपौल: राघोपुर प्रखंड की सभी पंचायतों में किसान रजिस्टर के लिए शिविर, युद्धस्तर पर बन रही किसान आईडी

Report: A.K Chaudhary

केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्देश पर किसानों का नाम फार्मर रजिस्टर में दर्ज करने के उद्देश्य से शनिवार को राघोपुर प्रखंड की सभी पंचायतों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में विभिन्न मौजों के रैयती किसानों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर किसान रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराया।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी मयंक आर्यन ने शिविरों की निगरानी करते हुए किसानों को आवश्यक जानकारी दी। किसानों ने लगान रसीद, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर के माध्यम से अपना विवरण उपलब्ध कराकर किसान आईडी बनाने की प्रक्रिया पूरी की। जबकि शिविर के आयोजन में अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया सहयोग कर रही है।

इस मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी मयंक आर्यन ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित सभी योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अब केवल उन्हीं किसानों को मिल सकेगा, जिनका नाम किसान रजिस्टर में दर्ज रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार और जिलाधिकारी के निर्देश पर किसान आईडी निर्माण का कार्य शिविर लगाकर युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक बड़ी संख्या में रैयती किसानों का नाम किसान रजिस्टर में सफलतापूर्वक दर्ज किया जा चुका है। शेष किसानों के लिए भी लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान 21 जनवरी तक शिविरों के माध्यम से जारी रहेगा।

हालांकि, कुछ पंचायतों में लगान रसीद और आधार कार्ड में नाम की वर्तनी में अंतर होने के कारण कुछ किसानों का डाटा अपलोड नहीं हो सका। ऐसे किसानों को आवश्यक दस्तावेजों में सुधार कर पुनः शिविर में आने की सलाह दी गई है।

शनिवार को आयोजित शिविरों में किसान सलाहकार, विकास मित्र, अमीन सहित संबंधित कर्मी उपस्थित रहे और किसानों की सहायता करते हुए पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]