सुपौल: राघोपुर प्रखंड में धूमधाम से संपन्न हुआ सरस्वती पूजनोत्सव, जयघोष के बीच हुआ प्रतिमा विसर्जन

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड में सरस्वती पूजनोत्सव का समापन मंगलवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ धूमधाम से हुआ। घरों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित प्रतिमाओं के साथ शोभायात्राएं निकाली गईं। श्रद्धालु माता सरस्वती के जयकारे लगाते हुए रंग-गुलाल में सराबोर दिखे। छात्र-छात्राओं और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ मां शारदे को विदाई दी।

भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा माहौल

राघोपुर प्रखंड के सिमराही, गणपतगंज, राघोपुर सहित विभिन्न इलाकों में मंगलवार सुबह से ही प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति संगीत पर झूमते हुए माता सरस्वती की प्रतिमा लेकर विभिन्न तालाबों और नहरों की ओर बढ़े। महिलाओं और युवतियों ने मंगलगीत गाकर मां सरस्वती को भावभीनी विदाई दी।

गुलाल और भक्ति गीतों के साथ निकली शोभायात्रा

विसर्जन जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर सरस्वती पूजन की शुभकामनाएं दीं। चारों ओर “मां शारदे की जय” और “विद्या की देवी सरस्वती माता की जय” के जयघोष गूंजते रहे। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

बुधवार को भी होगा प्रतिमा विसर्जन

हालांकि, कुछ स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन बुधवार को किया जाएगा। श्रद्धालु मां सरस्वती से सुख-समृद्धि, विद्या और ज्ञान का वरदान मांगते हुए भावुक नजर आए।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही लागू

प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार अपने दल-बल के साथ शोभायात्राओं की निगरानी करते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]