सुपौल: राघोपुर होकर अमृतसर जाएगी कटिहार–अमृतसर पूजा स्पेशल ट्रेन

त्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत, कोसी–सीमांचल–मिथिला को सीधे पंजाब से जोड़ेगी स्पेशल सेवा

News Desk Supaul:

त्योहारों के मौसम में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कटिहार–अमृतसर पूजा स्पेशल ट्रेन (05736/05735) चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का संचालन आगामी 17 सितम्बर से शुरू होगा और यह कुल सात ट्रिप करेगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि पूजा पर्व, दशहरा और दीपावली के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर और छात्र अपने घर लौटते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।

कब–कब चलेगी ट्रेन

कटिहार से अमृतसर जाने वाली ट्रेन संख्या 05736 हर बुधवार 17 सितम्बर से 5 नवम्बर तक चलेगी, लेकिन 24 सितम्बर को इसका परिचालन नहीं होगा। वहीं अमृतसर से कटिहार लौटने वाली ट्रेन संख्या 05735 हर शुक्रवार 19 सितम्बर से 7 नवम्बर तक चलेगी, जिसमें 26 सितम्बर को ट्रेन नहीं चलेगी।

किस रूट से गुज़रेगी

यह स्पेशल ट्रेन कोसी, सीमांचल और मिथिला के कई प्रमुख स्टेशनों से गुज़रेगी। ट्रेन पूर्णिया, अररिया कोर्ट, फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, सरायगढ़, निर्मली, झंझारपुर, सकरी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला और जालंधर होते हुए अमृतसर पहुँचेगी। खास बात यह है कि यह ट्रेन दरभंगा बायपास होकर चलेगी और दरभंगा की जगह शीशो स्टेशन पर ठहरेगी।

समय-सारणी

कटिहार से चलने वाली ट्रेन 05736 हर बुधवार रात 9:00 बजे खुलेगी और राघोपुर रात 12:35 बजे पहुँचेगी, जहाँ से यह 12:37 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 9:45 बजे अमृतसर पहुँचेगी। वहीं अमृतसर से कटिहार लौटने वाली ट्रेन 05735 शुक्रवार को दोपहर 1:25 बजे अमृतसर से खुलेगी और शनिवार को रात 7:20 बजे राघोपुर पहुँचेगी, जहाँ से 7:22 बजे प्रस्थान कर उसी दिन रात 11:45 बजे कटिहार पहुँचेगी।

कितने कोच होंगे

इस स्पेशल ट्रेन में कुल 15 कोच लगाए गए हैं, जिनमें जनरल–4, स्लीपर–5, एसी थ्री टियर–3 और एसी टू टियर–1 शामिल हैं।

पहले भी हो चुका है परिचालन

गौरतलब है कि कटिहार–अमृतसर स्पेशल ट्रेन का परिचालन पूर्व में भी हो चुका है और यह यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय रही थी। इस ट्रेन की मांग लगातार स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई जाती रही है। उनका कहना है कि यह ट्रेन कोसी, सीमांचल और मिथिला क्षेत्र को सीधे पंजाब–हरियाणा से जोड़ती है, जिससे प्रवासी मजदूरों, छात्रों और व्यवसायियों को काफी सहूलियत होगी।

राघोपुर और आसपास के यात्रियों ने ट्रेन चलाए जाने के फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पूजा पर्व के दौरान इस ट्रेन से सफर करना न केवल आसान होगा बल्कि लंबे सफर में भीड़भाड़ से राहत मिलेगी। कई सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने इसे नियमित सेवा में शामिल करने की मांग दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]