सुपौल: वीरपुर में ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत स्कूली बच्चों के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित

न्यूज़ डेस्क सुपौल:

जिले के वीरपुर नगर पंचायत द्वारा ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ कार्यक्रम के तहत बुधवार को राजकीय +2 उच्च विद्यालय में स्वच्छता जागरूकता को लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निबंध लेखन, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार ने बताया कि बच्चों को स्वच्छता के महत्व के साथ-साथ हाथ धोने की सही प्रक्रिया, गीले व सूखे कचरे की पहचान, शौचालय की सफाई तथा घरेलू कचरे के निष्पादन के बारे में बताया गया। छात्राओं ने रंगोली और चित्रकारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति अपनी समझ को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को गुरुवार को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में आजीविका दीदियों द्वारा डोर-टू-डोर सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है।

मौके पर विद्यालय के प्राचार्य तपेश्वर प्रसाद यादव, टैक्स दरोगा अनिल चौधरी, सुजीत मिश्रा, नविता कुमारी, अनुपम कुमारी, राजेश कुमार, जयप्रकाश मेहता सहित छात्रा अर्चना कुमारी, प्राची कुमारी, खनक कुमारी, आरोही कुमारी, डोली कुमारी और प्रियंका कुमारी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]