सुपौल: सरस्वती पूजा को लेकर राघोपुर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

Report: A.k Chaudhary

सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी, बीडीओ सत्येंद्र कुमार, सीओ रश्मि प्रिया और थानाध्यक्ष अमित कुमार राय उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्कूल संचालकों को निर्देश दिया कि पूजा स्थलों पर पर्याप्त संख्या में वोलेंटियर की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की भगदड़ की स्थिति उत्पन्न न हो और अफवाहों से बचा जा सके। बीडीओ ने डीजे संचालकों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पूजा के दौरान डीजे पकड़ा गया तो उसे जब्त कर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूजा आयोजन के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है तथा वोलेंटियर के लिए पहचान पत्र (कार्ड) बनाना आवश्यक होगा।

वहीं, सीओ रश्मि प्रिया ने स्कूल संचालकों से अपील की कि वे अपने-अपने संस्थानों में सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने कहा कि कहीं भी डीजे बजने की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को जानकारी दें। मूर्ति विसर्जन के दौरान छोटे बच्चों को शामिल न करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पंडाल का मुख्य द्वार बड़ा और सुरक्षित होना चाहिए। साथ ही प्रत्येक पूजा पंडाल में वोलेंटियर की तैनाती अनिवार्य होगी, जिसकी सूची प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी। सीओ ने बताया कि मूर्ति विसर्जन 24 तारीख को शाम 5 बजे से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि पूजा के दौरान सभी पूजा स्थलों पर पुलिस की गश्ती गाड़ी लगातार भ्रमण करती रहेगी, ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी आपात स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

बैठक के अंत में प्रशासन ने सभी आयोजकों से नियमों का पालन करने और आपसी सहयोग से सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की अपील की।

मौके पर शैलेंद्र सिंह, कमल यादव, रामचंद्र यादव, महेंद्र गुप्ता, प्रकाश यादव, मो तुन्ना, अताउर रहमान, बबलू चौधरी, दीनानाथ अग्रवाल, हरि दास, सुनील नायक, संजय यादव, नूर आलम, रिंकू भगत, मो अकरम, विनय भगत, सागर यादव, कुंदन जायसवाल सहित विभिन्न स्कूलों के संचालक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]