सुपौल: सिमराही के डॉ. विवेक आनंद ने रचा इतिहास, नीट-पीजी परीक्षा में पूरे देश में 55वां स्थान

News Desk Supaul:

जिले के नगर पंचायत सिमराही स्थित एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल के पूर्ववर्ती छात्र डॉ. विवेक आनंद ने एक बार फिर अपनी अद्वितीय उपलब्धियों से पूरे विद्यालय परिवार, जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बैसी निवासी मिथिलेश मिश्र के पुत्र डॉ. विवेक आनंद ने पहले पटना चिकित्सा महाविद्यालय (पीएमसीएच) से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। हाल ही में उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना में आयोजित रेजीडेंट डॉक्टर चयण परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। अब उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतिष्ठित नीट-पीजी परीक्षा 2025 में पूरे देश में 55वां स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे विद्यालय एवं जिले के लिए गर्व की बात है।

उनकी इस सफलता पर विद्यालय परिवार के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि ऐसा प्रतिभावान छात्र इस विशाल विद्यालय परिवार का हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. विवेक आनंद की मेहनत और समर्पण वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।

विद्यालय के अकादमिक निदेशक राजा रवि ने भी अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे विद्यालय के पूर्व छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से हम सभी उत्साहित हैं। भविष्य में ऐसे सफल छात्र वर्तमान विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन का कार्य करेंगे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने घोषणा की कि डॉ. विवेक आनंद के सम्मान में विद्यालय प्रशासन द्वारा शीघ्र ही एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राओं को भी उनके अनुभवों से रूबरू कराया जाएगा।

विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों एवं अभिभावकों में भी डॉ. विवेक आनंद की सफलता को लेकर विशेष उत्साह है। सभी का मानना है कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव की बात है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]