सुपौल: सिमराही में पहली बार आयोजित गणेश महोत्सव, भक्तिरस और आस्था से सराबोर हुआ पूरा नगर

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के सिमराही नगर पंचायत में इस वर्ष पहली बार भव्य एवं ऐतिहासिक गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का आयोजन गणेश पूजा समिति सिमराही की ओर से किया गया है। शुक्रवार की संध्या बेला में जैसे ही दीप-प्रज्वलन और आरती का क्रम प्रारंभ हुआ, पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। गगनभेदी घंट-घड़ियाल, शंख-नाद और ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण आल्हादित हो उठा। भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आरती के दौरान धूप-दीप की सुगंध से पूरा माहौल पावन और श्रद्धामय हो गया। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालु हाथ जोड़कर भगवान श्री गणेश की आरती में शामिल हुए और सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की।

पूजा समिति के अध्यक्ष प्रशांत वर्मा ने इस अवसर पर कहा, “सिमराही की धरती पर पहली बार गणेश महोत्सव का आयोजन होना अपने आप में ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण है। यहाँ की जनता का उत्साह और आस्था देखकर विश्वास हो रहा है कि यह परंपरा आने वाले वर्षों में और भी भव्य रूप में आगे बढ़ेगी।”

महोत्सव में यजमान आनंद गुप्ता सहित समिति के प्रमुख सदस्य मोनू कर्ण, प्रिंस झा, सुधांशु गुप्ता, प्रिंस सिंह, आयुष वर्मा, हेमंत गुप्ता, सोनू गुप्ता, राहुल पासवान, शुभम राज, आलोक, कुणाल चौधरी, दिलखुश, गुड्डू जीजीआर, कन्हैया दास आदि की विशेष उपस्थिति रही। पूजन-अर्चन का विधिवत संचालन पंडित बबलू झा द्वारा किया गया।

गौरतलब है कि यह ऐतिहासिक गणेश महोत्सव 27 अगस्त को प्रतिमा स्थापना के साथ शुरू हुआ था, जो 31 अगस्त तक जारी रहेगा। इसके उपरांत 1 सितंबर को नगर भ्रमण के साथ प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनों से इस ऐतिहासिक महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]