सुपौल: सिमराही में रावण दहन का भव्य आयोजन, देर रात हुई प्रतिमा विसर्जित, श्रद्धालुओं की उमड़ी अपार भीड़

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में विजयादशमी का पर्व गुरुवार की देर रात प्रतिमा विसर्जन और रावण दहन कार्यक्रम के साथ हर्षोल्लास और उत्साह के बीच सम्पन्न हुआ। सिमराही नगर पंचायत क्षेत्र में स्थापित सभी प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मध्यरात्रि तक बारिशों के बीच किया गया।

सिमराही नगर पंचायत क्षेत्र में गुलाबदास ठाकुरबाड़ी, वार्ड संख्या 3, धर्मपट्टी, राघोपुर सहित सात स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। सिमराही बाजार में विसर्जन यात्रा परंपरागत ढंग से नगर भ्रमण करते हुए पचास पुला नहर तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की मौजूदगी में प्रतिमाओं का गगनभेदी जयकारों के बीच जल प्रवाह में विसर्जन किया गया।

इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिला, पुरुष एवं बच्चे विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। नगाड़ों, ढोल-ताशों और धार्मिक गीतों के बीच माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

वही विसर्जन से पूर्व संध्या में सिमराही स्थित गुलाबदास ठाकुरबाड़ी और वार्ड संख्या 3 में पारंपरिक रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीण और नगरवासी एकत्र हुए। रात के अंधेरे में जब आतिशबाजी के बीच रावण का पुतला धू-धू कर जला, तो पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” और “मां दुर्गा” की जयकारों से गूंज उठा।

पूरे कार्यक्रम को शांति और व्यवस्था के साथ सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुपौल एसपी शरथ. आर. एस. स्वयं विसर्जन से पूर्व विभिन्न पूजा स्थल पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं सिमराही बाजार में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय अपने पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और लगातार भीड़ की निगरानी करते रहे। हर चौक-चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके।

सिमराही में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एसपी

मंदिर कमिटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस वर्ष विसर्जन यात्रा और रावण दहन में लोगों का उत्साह पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए कमिटी और प्रशासन का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]