सुपौल: सिमराही में व्यापारियों की बैठक, जीएसटी सुधार को ऐतिहासिक बताते हुए व्यापारियों ने मोदी सरकार के प्रति जताया आभार, स्वदेशी अपनाने का लिया संकल्प

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित एक होटल में शुक्रवार रात्रि व्यापारियों एवं उद्यमियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य सचिन माधोगड़िया के नेतृत्व एवं संयोजन में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष नरेन्द्र ऋषि देव ने की, जबकि मंच संचालन नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने किया।

मुख्य अतिथि को सम्मानित करते भाजपा नेता सचिन माधोगड़िया

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील जे. सिंधी, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेन्द्र ऋषि देव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार राय, जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन माधोगड़िया, प्रो. बैजनाथ भगत, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, सीए सोनू पंसारी एवं व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक महामाया चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान और भारत माता की जयकारों के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

मुख्य अतिथि सुनील जे. सिंधी ने अपने संबोधन में कहा कि “12 लाख तक की आयकर छूट और जीएसटी सुधार से देशवासियों को लगभग 2.5 लाख करोड़ की बचत होगी। यह सुधार मिडिल क्लास और न्यू मिडिल क्लास के सपनों को साकार करने में सहायक सिद्ध होंगे।” उन्होंने सभी से भारत की शपथ लेने और हर घर एवं दुकान में स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया।

सीए सोनू पंसारी ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करना चाहिए, क्योंकि उनके नेतृत्व में देशभर में एक समान दाम पर सामान उपलब्ध हो रहा है। यही वजह है कि व्यापारी समुदाय इसे उत्सव के रूप में मना रहा है।”

तख्ती दिखाते अतिथि

भाजपा जिला अध्यक्ष नरेन्द्र ऋषि देव ने कहा कि “प्रधानमंत्री ने हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए जीएसटी सुधार किया है, जिससे आम उपभोक्ता से लेकर व्यापारी तक को लाभ मिलेगा।”

बैठक के संयोजक व भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य सचिन माधोगड़िया ने कहा कि “जीएसटी दर में कमी से साबित होता है कि मोदीजी व्यापारियों और गरीबों दोनों से समान प्रेम करते हैं। आज पूरा व्यापारी वर्ग उनके इस फैसले से गदगद है और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।”

भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य प्रो. बैजनाथ भगत ने कहा कि “जीएसटी सुधार से व्यापार करना और भी सहज हुआ है। इससे छोटे और मध्यम स्तर के व्यवसायों को मजबूती मिलेगी और बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी। यह निर्णय न केवल व्यापारियों के लिए, बल्कि उपभोक्ताओं के लिए भी वरदान साबित होगा।”

वही व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक महामाया चौधरी ने कहा कि जीएसटी सुधार से हर स्तर के व्यापारियों का मनोबल बढ़ा है। अब छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्यमी तक बिना किसी भेदभाव के समान अवसर पा रहे हैं।

बैठक में उपस्थित नेताओं और अतिथियों को मिथिला पाग, शॉल और फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी व उद्यमी मौजूद रहे।

बैठक में उपस्थित व्यापारी

बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष ललित जायसवाल, उपाध्यक्ष दिलीप पुर्वे, बैजनाथ दास, अभिनन्दन दास, राधेश्याम भगत, कमलेश प्रधान, लड्डू गुप्ता, रामचंद्र भगत, बिन्दा प्रसाद गुप्ता, सानु जयसवाल, प्रशांत वर्मा, विजय मंडल, बबलू, श्याम सुंदर, प्रमोद, सलाउद्दीन, मयंक गुप्ता, गोपाल चांद, मो. अकरम राजा, किशोर दास, प्रभु स्वर्णकार, संत अमरजीत, बुधु दास सहित दर्जनों व्यापारी शामिल हुए।

बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी सुधार को ऐतिहासिक कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार जताया और स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]