सुपौल: राघोपुर में अज्ञात बाइक सवार ने महिला को मारी जोरदार टक्कर, रेफर

न्यूज डेस्क सुपौल:

राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केएन डिग्री कॉलेज के समीप एनएच 106 पर शुक्रवार की देर शाम करीब 7 बजे पैदल जा रही एक महिला को अज्ञात बाइक चालक ने जोरदार टक्कर मार दिया, जिसमें महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना के बाद बाइक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल रहा। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना 112 की पुलिस को दिया। सूचना पर 112 की पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जख्मी महिला को रेफरल अस्पताल राघोपुर लाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया।

जानकारी देते स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ एनएच 106 के रास्ते गनपतगंज से सिमराही की ओर जा रही थी, इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने महिला को जोरदार ठोकर मार कर वहां से भाग निकला।

जख्मी महिला की पहचान समस्तीपुर जिले के सनौखेर वार्ड नंबर 7 निवासी महिन्द्र पौदार के 50 वर्षीय पत्नी सभीया देवी के रूप में की गई।

वहीं घटना को लेकर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है।

स्वास्थ्य कर्मियों ने किया मानवता का मिशाल पेश

प्राप्त जानकारी अनुसार उक्त दंपति आर्थिक तंगी की वजह से अपने दो बच्चों के साथ पैदल ही अररिया से समस्तीपुर जा रहे थे। घटना के बाद लोगों को जानकारी मिला कि उक्त दंपति के पास पैसे के नाम पर सिर्फ 10 रुपये ही था। जिसके बाद भूखे बच्चों की दयनीय हालत को देखते हुए सर्वप्रथम 112 की पुलिस ने शुक्रवार की रात्रि 200 रुपये देकर सभी को खाना खिलाया। इसके बाद शनिवार की सुबह सबों के देखरेख का जिम्मा अस्पताल प्रबंधक नोमान अहमद ने संभाला। उन्होंने अगुवाई करते हुए अस्पताल के सभी चिकित्सक व चिकित्सा कर्मियों से पैसा चंदा कर कुल चार हजार एक सौ रुपये की राशि दंपति को देते हुए एम्बुलेंस की व्यवस्था कर रेफरल अस्पताल राघोपुर से डीएमसीएच दरभंगा के लिए रवाना किया। वहीं पुलिसकर्मियों तथा स्वास्थ्य कर्मियों के इस पहल की लोगों ने खूब सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *