सुपौल: राघोपुर में महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के चंपानगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 4 के लौकहा पलार इलाके में शनिवार की सुबह एक महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों में यह घटना चर्चा का मुख्य विषय बन गया है। प्रारंभिक जांच और शव को देखकर ऐसा लग रहा है कि महिला को पहले बुरी तरह पीटा गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना राघोपुर पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के भैयाराम चकला वार्ड नंबर 14 निवासी सुबोध सरदार की पत्नी ललिता देवी के रूप में की गई।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे जब वे खेतों की तरफ जा रहे थे, तो उन्होंने देखा कि एक महिला का शव चन्नी के खेत में पड़ा हुआ है। शव मिलने के बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने शव की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान यह जानकारी मिली कि महिला पिपरा थाना क्षेत्र के भैयाराम चकला गांव की रहने वाली है।

जैसे ही इस घटना की खबर फैली, मृतक महिला के नाबालिग बेटे और बेटी अपने मौसेरी बहन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तीनों ने शव की पहचान ललिता देवी के रूप में की। मृतिका के बच्चों ने पुलिस को बताया कि वे दो बहनें और एक भाई हैं। उनकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और उनके पिता मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं। बच्चों के अनुसार, उनकी मां शुक्रवार रात को बगल के गांव कोचराहा में नाच देखने गई थीं, लेकिन शनिवार की सुबह तक भी घर नहीं लौटीं। जब उनकी मां के लौटने में देरी हुई, तो परिवार ने खुद ही उनकी खोजबीन शुरू कर दी।

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें महिला का शव दिखाई दे रहा था। यह तस्वीर देखकर परिवार को पता चला कि उनकी मां का शव लौकहा पलार में मिला है। इसके बाद वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की।

कुछ स्थानीय लोगों का मानना है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और फिर उसका शव यहां लाकर फेंक दिया गया। घटनास्थल पर पहुंचे बच्चों ने जैसे ही अपनी मां का शव देखा, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोग भी इस दर्दनाक दृश्य को देखकर भावुक हो गए।

इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *