सुपौल: स्वच्छता ही सेवा-2025 अभियान का शुभारंभ, जिलाधिकारी बोले – आम लोगों की भागीदारी से ही मिलेगा सफलता का मंत्र

News Desk Supaul:

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान फेज-2 के तहत शनिवार को सुपौल में “स्वच्छता ही सेवा-2025” (स्वच्छता पखवाड़ा) का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार एवं उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शुभारंभ अवसर पर जिले के वरीय पदाधिकारियों ने वृक्षारोपण कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण का संदेश दिया। इसके साथ ही स्कूलों में आयोजित चित्रकला, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता के उत्कृष्ट कार्यों की प्रदर्शनी का लोकार्पण जिलाधिकारी ने फीता काटकर किया और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की सराहना की।

समारोह में बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया और स्वच्छता पर भाषण दिया। जिला जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा तैयार फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। जिलास्तरीय पदाधिकारियों ने अभियान के लोगो “स्वच्छोत्सव” का प्रमोशन करते हुए जन-जागरूकता का आह्वान किया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि, “2 अक्तूबर तक जिले के सभी गांव, पंचायत और प्रखंड स्तर पर स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां सुनिश्चित की जाएंगी। टीमवर्क के जरिए सुपौल को स्वच्छता में अव्वल स्थान दिलाने का लक्ष्य है।”

इस मौके पर उप विकास आयुक्त ने सभी अधिकारियों, कर्मियों, शिक्षकों और छात्रों को स्वच्छता शपथ दिलाई। वहीं, जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को डिग्निटी कार्ड देकर सम्मानित किया तथा प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

कार्यक्रम में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विनय कुमार साह, अपर समाहर्त्ता सच्चिदानंद सुमन, पंचायतीराज पदाधिकारी गयानंद यादव, निदेशक लेखा प्रशासन आशुतोष कुमार, निदेशक NEP अनित कुमार, वरीय उप समाहर्त्ता श्रीति कुमारी एवं अंजू कुमारी, मनरेगा, जीविका और शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]