सुपौल में नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, मेडिकल एजेंसी से 2970 नशीली गोलियां बरामद

News Desk Supaul:

सुपौल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत ड्रग इंस्पेक्टर एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। सुपौल सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गजना रोड स्थित एक मेडिकल एजेंसी से अवैध रूप से संग्रहित एवं बेची जा रही नशीली दवाओं की भारी खेप बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान कुल 2970 नशीली टैबलेट जब्त की गईं।

पुलिस को गजना रोड स्थित उक्त मेडिकल एजेंसी में अवैध तरीके से नशीली दवाओं के भंडारण एवं विक्रय की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद ड्रग इंस्पेक्टर तथा सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मेडिकल एजेंसी पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में नशीली टैबलेट बरामद की गई, जिसे मौके पर ही सीज कर लिया गया।

बरामद नशीली दवाओं की जांच एवं रासायनिक विश्लेषण के लिए उन्हें सक्षम प्रयोगशाला में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दवाएं किस श्रेणी की हैं और उनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

मामले की जानकारी देते हुए एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि जिले के कुछ मेडिकल स्टोरों पर अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में ड्रग इंस्पेक्टर एवं सदर पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सर्च व रेड ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें नशीली दवाएं जब्त की गईं। ड्रग इंस्पेक्टर के आवेदन पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *