सुपौल: गणपतगंज में 24 जुलाई को होगा विशाल निरंकारी संत समागम, तैयारियां अंतिम चरण में

सुपौल जिले के गणपतगंज स्थित पंचायत भवन में 24 जुलाई को आयोजित होने वाले विशाल निरंकारी संत समागम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पंडाल, लंगर, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। स्वागतकर्ता (मुखी) और सत्संग इंचार्ज ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज ब्रांच अंतर्गत राघोपुर प्रखंड के गणपतगंज स्थित पंचायत भवन परिसर में आगामी 24 जुलाई 2026 शुक्रवार को आयोजित होने वाले एक दिवसीय विशाल निरंकारी संत समागम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। समागम को लेकर निरंकारी मिशन के सेवादार एवं श्रद्धालु युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पंडाल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, वाहन पार्किंग तथा लंगर की व्यापक तैयारी की जा रही है।

समागम का आयोजन दोपहर 12:00 बजे से 2:30 बजे तक पंचायत भवन परिसर में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय प्रचारक परम आदरणीय संत निर्मल कुमार सोनी जी करेंगे। इस अवसर पर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की कृपा से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्रदान किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि समागम में आसपास के कई गांवों एवं जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए स्वयंसेवकों की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो आगंतुकों के स्वागत, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल और लंगर सेवा की जिम्मेदारी निभाएंगी।

समागम के स्वागतकर्ता एवं मुखी महात्मा भूपेंद्र यादव ने कहा कि गणपतगंज में आयोजित होने वाला यह विशाल निरंकारी संत समागम श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और मानवता का संदेश लेकर आएगा। सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से आग्रह है कि अपने परिवार, मित्रों एवं रिश्तेदारों के साथ समय पर पहुंचकर संत समागम का लाभ उठाएं।

वहीं सत्संग इंचार्ज वासुदेव यादव ने बताया कि समागम स्थल पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, लंगर, पेयजल एवं सेवा व्यवस्था की गई है। सेवादार पूरी निष्ठा से तैयारियों में जुटे हैं ताकि आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो। हमारा प्रयास है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो।

आयोजकों ने बताया कि समागम के बाद श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यवस्था रहेगी। समस्त साध संगत ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मानवता, प्रेम, भाईचारे और ईश्वर की सही पहचान के संदेश को आत्मसात करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]