सुपौल: कल बलुआ पहुंचेंगे CM सम्राट चौधरी, पूर्व CM डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का करेंगे अनावरण; कोसी-मैची लिंक परियोजना का भी करेंगे निरीक्षण

Report: A.K. Chaudhary

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को यानी कल सुपौल जिले के बलुआ पहुंचेंगे। जहां पूर्व मुख्यमंत्री डॉ जगन्नाथ मिश्र के 7वीं पुण्यतिथि पर उनके प्रतिमा का अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा से लेकर यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। डीआईजी कुमार आशीष, जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. समेत जिले के तमाम वरीय अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी सावन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को करीब 11:20 बजे बलुआ पहुंचेंगे। जहां पूर्व मुख्यमंत्री डॉ जगन्नाथ मिश्र के प्रतिमा का अनावरण करेंगे। डीएम ने बताया कि प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री कोसी मैची लिंक परियोजना का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण करने के बाद कोसी मैची परियोजना को लेकर समीक्षात्मक बैठक करेंगे।

इधर, मंगलवार को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नियुक्त सभी पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग मीटिंग की गई है। बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल और भीड़ प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से बलुआ पहुंचेंगे। हेलीपैड पर उतरने के बाद वे सड़क मार्ग से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के स्मारक स्थल पर जाएंगे। यहां मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर स्मारक स्थल की साफ-सफाई, मंच, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 18 किलोमीटर कोसी-मैची लिंक परियोजना के तहत बलुआ स्थित पूर्वी कैनाल का का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान परियोजना से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। इसके बाद कोसी मैची लिंक परियोजना को लेकर समीक्षात्मक बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री के निरीक्षण को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारी भी पूरी तैयारी में जुटे हुए हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कार्यक्रम स्थल और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्ग पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया गया है।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक बलुआ में रहेंगे। डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण और कोसी-मैची लिंक परियोजना के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से पटना के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बलुआ सहित आसपास के इलाके में भी उत्साह का माहौल है। वहीं जिला प्रशासन कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

Leave a Comment