सुपौल: राघोपुर रेफरल अस्पताल का सांसद दिलेश्वर कामैत ने किया निरीक्षण, नए भवन और ट्रामा सेंटर की उठाई मांग

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत ने रविवार को नगर पंचायत सिमराही स्थित रेफरल अस्पताल, राघोपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों की संख्या, उपलब्ध बेड, साफ-सफाई, दवा वितरण, आउटसोर्सिंग व्यवस्था, चिकित्सकों की पदस्थापना सहित स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीप नारायण राम ने बुके भेंट कर सांसद का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व प्रमुख महेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

प्रतिदिन 350 से 500 मरीज पहुंच रहे अस्पताल

सांसद ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले मरीजों, उपलब्ध बेड और विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थिति की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि रेफरल अस्पताल राघोपुर में प्रतिदिन करीब 350 से 500 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सांसद ने अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि मरीजों की अधिक संख्या के कारण चिकित्सकों पर भी काम का दबाव बढ़ रहा है और कई बार बारी-बारी से मरीजों का इलाज करना पड़ता है।

जर्जर भवन को लेकर सांसद ने जताई चिंता

मीडिया से बातचीत में सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि रेफरल अस्पताल का वर्तमान भवन वर्ष 1979 में निर्मित हुआ था और अब काफी जर्जर हो चुका है। फिलहाल मरम्मत के सहारे भवन में अस्पताल का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुराने भवन की बार-बार मरम्मत कराने के बजाय अस्पताल के लिए नया और स्थायी भवन बनाया जाना चाहिए। नए भवन में ओपीडी और इंडोर सेवाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके।

50 बेड के शेल्टर भवन की स्थिति पर उठाए सवाल

निरीक्षण के दौरान सांसद ने अस्पताल परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित 50 बेड के शेल्टर भवन का भी जायजा लिया। भवन की स्थिति देखकर उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भवन की दीवारें खराब हो रही हैं, छत से पानी टपक रहा है और कई जगह टूट-फूट दिखाई दे रही है। सांसद ने भवन की निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से भवन का निर्माण कराया गया था, वर्तमान स्थिति उस अनुरूप नहीं है। उन्होंने इसे स्थायी अस्पताल भवन के बजाय एक अस्थायी शेल्टर की तरह बताया।

राघोपुर में ट्रामा सेंटर की मांग

सांसद दिलेश्वर कामैत ने राघोपुर में ट्रामा सेंटर की स्थापना को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि सिमराही-राघोपुर क्षेत्र से एनएच-131 और एनएच-27 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं। इन मार्गों पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए राघोपुर में ट्रामा सेंटर होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महज 50 बेड का अस्पताल क्षेत्र की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है।

सांसद ने कहा कि क्षेत्र की आबादी, मरीजों की संख्या और राष्ट्रीय राजमार्गों को देखते हुए राघोपुर में 80 से 120 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाया जाना चाहिए। इसके लिए वे बिहार सरकार को पत्र लिखेंगे और मुख्यमंत्री के समक्ष भी स्थायी अस्पताल भवन तथा ट्रामा सेंटर की मांग रखेंगे।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने की जरूरत

निरीक्षण के दौरान सांसद को बताया गया कि अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ और हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हैं, लेकिन अन्य महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। सांसद ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरना जरूरी है। उन्होंने अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक, बेड और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

दो साल बाद निरीक्षण में भी नहीं बदली स्थित

सांसद ने कहा कि वह करीब दो वर्ष पहले भी रेफरल अस्पताल राघोपुर का निरीक्षण कर चुके हैं। उस समय उम्मीद थी कि आने वाले समय में अस्पताल को बेहतर भवन और सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि, वर्तमान स्थिति देखकर उन्हें निराशा हुई है। उन्होंने कहा कि राघोपुर और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थायी अस्पताल भवन, पर्याप्त बेड, विशेषज्ञ चिकित्सक और ट्रामा सेंटर की व्यवस्था जरूरी है। इसके लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।

ज्ञापन सौंपकर स्थानीय लोगों ने रखी मांग

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सांसद को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। मयंक गुप्ता, बैद्यनाथ प्रसाद भगत, महेंद्र गुप्ता, उप मुख्य पार्षद विनीता देवी, पार्षद स्मृति कुमारी, गुड्डू कुमार सहित अन्य लोगों ने सिमराही में एनएच-131 से रामनगर रोड को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराने, सिमराही बाजार में बस स्टैंड बनवाने और राघोपुर में ट्रामा सेंटर खोलने की मांग रखी। सांसद ने स्थानीय लोगों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]