Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में आयोजित श्री श्री 108 श्री गणेश महोत्सव के चौथे दिन शुक्रवार को गणेश लीला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाहर से आए कलाकारों ने विभिन्न धार्मिक प्रसंगों की आकर्षक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। गणेश लीला देखने के लिए शाम से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

मंच पर कलाकारों द्वारा भगवान गणेश से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की अभिनय क्षमता, संवाद और धार्मिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को काफी प्रभावित किया। गणेश लीला के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु धार्मिक प्रसंगों को ध्यानपूर्वक देखते रहे और कलाकारों की प्रस्तुति पर तालियों से उत्साह बढ़ाते रहे।

गणेश लीला को लेकर आयोजन स्थल पर विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम शुरू होने के साथ ही मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे गणेश लीला देखने पहुंचे। आयोजन स्थल पर देर शाम तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।

गौरतलब है कि पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में श्री गणेश पूजा समिति, नगर पंचायत सिमराही की ओर से 15 सितंबर से 20 सितंबर तक छह दिवसीय श्री श्री 108 श्री गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को गणेश पूजा एवं प्राण प्रतिष्ठा के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई थी। दूसरे दिन बनारस से आए विद्वानों द्वारा भव्य गंगा आरती की गई थी, जिसमें भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। तीसरे दिन बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
महोत्सव के पांचवें दिन शनिवार को भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध सिंगर पल्लवी झा द्वारा भव्य झांकी प्रस्तुत की जाएगी। वहीं 20 सितंबर रविवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं नगर भ्रमण के साथ महोत्सव का समापन होगा। इस दौरान भव्य रोड शो भी निकाला जाएगा।
गणेश महोत्सव के तहत लगातार आयोजित हो रहे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर सिमराही में उत्सव का माहौल बना हुआ है। पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं से आगामी कार्यक्रमों में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।







