सुपौल: सिमराही में अज्ञात बाइक की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत, इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम

Report: A. K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में एनएच-27 पर शुक्रवार शाम सड़क हादसे में साइकिल सवार एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा श्री राधे होटल के सामने करीब शाम 4 बजे हुआ। मृतक की पहचान रामविशनपुर वार्ड नंबर-3 निवासी मनोज दास (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

मृतक का फ़ाइल फोटो

जानकारी के अनुसार, मनोज दास शुक्रवार को सिमराही बाजार से सब्जी खरीदकर साइकिल से अपने घर रामविशनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान श्री राधे होटल के सामने एनएच-27 पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद मनोज दास सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें सदर अस्पताल सुपौल लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल में भी चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया।

परिजन मनोज दास को मधेपुरा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मृतक के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। मनोज दास मजदूरी कर परिवार का जीवनयापन करते थे।

मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।  मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *