सुपौल: सिमराही में गणेश महोत्सव के भक्ति जागरण में झूमे श्रद्धालु, पल्लवी झा की प्रस्तुति ने बांधा समां

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में आयोजित श्री श्री 108 श्री गणेश महोत्सव के पांचवें दिन शनिवार को भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। देवघर से आई चर्चित गायिका पल्लवी झा ने अपनी भक्ति गीतों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भक्ति संगीत का आनंद लिया।

एसडीएम को सम्मानित करते सचिन माधोगाड़िया

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश भगवान की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद मंच पर पल्लवी झा ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ता गया, श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ती गई। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते और तालियां बजाते नजर आए। आयोजन स्थल पर देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा।

भजन प्रस्तुत करती पल्लवी झा

भक्ति जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन वीरपुर एसडीएम विनय कुमार, समाजसेवी सचिन माधोगाड़िया, पूर्व ब्रिगेडियर प्रणव जायसवाल, विवेक जायसवाल, बिंदी गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का आयोजन समिति की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान स्थानीय गणमान्य लोग, समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की भीड़

इस अवसर पर वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि गणेश महोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन समाज को एक साथ जोड़ने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति को महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

गौरतलब है कि पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में श्री गणेश पूजा समिति, नगर पंचायत सिमराही की ओर से 15 सितंबर से छह दिवसीय श्री श्री 108 श्री गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव की शुरुआत गणेश पूजा एवं प्राण प्रतिष्ठा से हुई थी। दूसरे दिन बनारस से आए विद्वानों द्वारा भव्य गंगा आरती की गई थी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और गणेश लीला का आयोजन किया गया।

महोत्सव का समापन आज यानी रविवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं नगर भ्रमण के साथ होगा। इस दौरान भव्य रोड शो भी निकाले जाने की तैयारी है। छह दिवसीय महोत्सव के दौरान आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर सिमराही में उत्सव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment