सुपौल: करजाइन बाजार में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 2 अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर, दवा दुकान व 3 क्लिनिक सील

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत करजाइन बाजार में रविवार शाम प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। वीरपुर एसडीएम विनय कुमार के नेतृत्व में की गई औचक जांच के दौरान दो अल्ट्रासाउंड सेंटर, एक दवा दुकान और तीन क्लिनिक अवैध रूप से संचालित पाए गए। जांच के बाद सभी छह प्रतिष्ठानों को तत्काल सील कर दिया गया।

जानकारी देते हुए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि करजाइन बाजार में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर, दवा दुकानों और क्लिनिक के संचालन की सूचना के बाद औचक जांच की गई। जांच के दौरान संबंधित संस्थानों के दस्तावेज एवं संचालन की स्थिति की पड़ताल की गई। इस दौरान दो अल्ट्रासाउंड सेंटर, एक दवा दुकान और तीन क्लिनिक के संचालन में अनियमितता पाए जाने के बाद उन्हें सील कर दिया गया।

एसडीएम ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए संबंधित एमवाईसी टीम को निर्देश दिया गया है। वहीं, करजाइन थानाध्यक्ष को सभी संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

एसडीएम विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि वीरपुर अनुमंडल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर, दवा दुकान, क्लिनिक और अस्पतालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद करजाइन बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे संस्थानों की जांच की जाएगी।

औचक निरीक्षण के दौरान राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार और रेफरल अस्पताल राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजीव द्विवेदी सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Comment