
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले में एनएच-27 पर बुधवार को दो अलग-अलग जगहों पर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आईं। राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही में जहां यूपी से असम जा रहा मसाला लदा 10 चक्का ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया, वहीं भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर में बिजली के तार लदा 16 चक्का ट्रक डुमरा धार पुल से जा टकराया। दोनों हादसों में ट्रकों को काफी नुकसान पहुंचा है। भपटियाही की घटना में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सिमराही में नींद लगने से डिवाइडर से टकराया ट्रक
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही में मछली मार्केट के सामने एनएच-27 पर यूपी से असम जा रहा 10 चक्का ट्रक (यूपी 21 सीएन 2929) एनएच पर पलट गया। ट्रक चालक मेराज ने बताया कि वह ट्रक लेकर यूपी से असम जा रहा था। इसी दौरान उसे नींद लग गई, जिसके कारण ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया।

चालक के अनुसार ट्रक पर मसाला लदा हुआ था। हादसे में चालक मेराज को हल्की चोट आई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।
नारायणपुर में पुल से टकराया तार लदा 16 चक्का ट्रक
वहीं, भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर में एनएच-27 पर डुमरा धार पुल के पास बिजली का तार लदा 16 चक्का ट्रक (पीबी 11 डीएम 6415) दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया गया कि ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक पुल से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पर लदे बिजली के तार के बंडल केबिन की ओर खिसक गए और केबिन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का दरभंगा में इलाज चल रहा है।
दुर्घटना में ट्रक का केबिन और अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों घटनाओं को लेकर संबंधित थाना पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







