
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के देवीपुर पंचायत स्थित जहलीपट्टी वार्ड संख्या-8 में गुरुवार को पुलिस और कॉपीराइट विभाग पटना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में कथित नकली गुलाब जल और उसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई। टीम ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जहलीपट्टी वार्ड संख्या-8 निवासी शुभलाल साह के 42 वर्षीय पुत्र ब्रह्मदेव साह के रूप में हुई है। बताया गया कि कॉपीराइट विभाग पटना को अजय पंडित की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर टीम ने राघोपुर थाना पुलिस के सहयोग से ब्रह्मदेव साह के घर पर छापेमारी की।
घर से भारी मात्रा में सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने घर से डाबर और पतंजलि कंपनी के नाम से पैक किए गए गुलाब जल की बड़ी मात्रा बरामद की। बरामद सामान में 100 एमएल की डाबर गुलाब जल की 1,775 बोतल और 100 एमएल की पतंजलि गुलाब जल की 1,825 बोतल शामिल हैं।

इसके अलावा टीम ने 1,184 खाली बोतल, पतंजलि के नाम वाले 748 शीट रैपर, डाबर के नाम वाले 7,425 शीट रैपर भी बरामद किए। मौके से एक बाल्टी में रखा लूज गुलाब जल तथा गुलाब जल तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला एक बोतल केमिकल भी जब्त किया गया।
कॉपीराइट विभाग के पदाधिकारी के अनुसार, बरामद सामग्री का इस्तेमाल कथित तौर पर नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर गुलाब जल तैयार करने और पैकिंग करने में किया जा रहा था। हालांकि, बरामद सामग्री की गुणवत्ता और उसकी वास्तविक संरचना की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
कॉपीराइट विभाग पटना के पदाधिकारी ने बताया कि अजय पंडित द्वारा इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई और राघोपुर थाना पुलिस के सहयोग से संबंधित ठिकाने पर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान बरामद गुलाब जल और अन्य सामग्री को जब्त कर राघोपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
वहीं, कार्रवाई के दौरान मौके से ब्रह्मदेव साह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नकली गुलाब जल का निर्माण और पैकिंग कब से की जा रही थी तथा इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जाती थी।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
मामले को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि कॉपीराइट विभाग की टीम द्वारा नकली गुलाब जल और उससे संबंधित सामग्री थाना को सुपुर्द की गई है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







