कोसी में बढ़ते जलस्तर के बीच डीएम-एसपी ने पूर्वी कोसी तटबंध का किया निरीक्षण, 24×7 निगरानी के निर्देश

Report: A.K. Chaudhary

कोसी नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि और जल संसाधन विभाग की ओर से जारी हाई अलर्ट के मद्देनजर शुक्रवार को सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने पूर्वी कोसी तटबंध का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने तटबंध के स्पर किलोमीटर 10.00 का जायजा लेते हुए बाढ़ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया और मौके पर मौजूद संबंधित अभियंताओं एवं कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क एवं सजग रहने तथा तटबंध की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीएम सावन कुमार ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और पर्याप्त मानवबल पूरी तरह तैयार रखा जाए। उन्होंने तटबंध पर किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को 24×7 निगरानी बनाए रखने तथा आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी संभावित खतरे या आपात स्थिति की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने को कहा, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की टीमें तटबंध की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Comment

[democracy id="1"]