सुपौल: राघोपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ड्यूटी से घर लौट रहे मॉल मैनेजर को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

oplus_2097184

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में एनएच-131 पर बुधवार की रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मानिकचंद सायत चकला में गैस गोदाम के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए 38 वर्षीय विनोद कुमार वर्मा ने इलाज के लिए नेपाल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक देवीपुर पंचायत के जहलीपट्टी वार्ड संख्या-10 निवासी स्वर्गीय अवध बिहारी लाल के पुत्र थे। वह राघोपुर में एक मॉल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

मृतक का फाइल फोटो

जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार वर्मा बुधवार रात करीब 10 बजे अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-131 पर गैस गोदाम के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि विनोद सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने घायल को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए नेपाल स्थित निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। विनोद अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी प्रतिभा देवी, दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी रक्षा कुमारी इंटर की छात्रा है, जबकि दूसरी बेटी रीति नौवीं कक्षा में पढ़ती है। 10 वर्षीय पुत्र रोहित अभी पढ़ाई कर रहा है। पति की मौत के बाद पत्नी और तीनों बच्चों के सामने परिवार चलाने के साथ बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर बड़ी चिंता खड़ी हो गई है।

बताया गया कि विनोद स्वभाव से मेहनती और मिलनसार थे। उनकी अचानक हुई मौत से जहलीपट्टी गांव सहित आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment