
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। 1 अक्टूबर की रात रामनगर रोड स्थित चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटना के बाद अब 3 अक्टूबर की रात मेन चौक स्थित जेपी चौक के समीप कई दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया। इसी रात धर्मपट्टी वार्ड संख्या-1 में एक घर में भी चोरी की घटना सामने आई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात चोरों ने सिमराही बाजार के जेपी चौक के समीप बनारसी सत्तू-भुजा की दुकान के पीछे लगे गेट को तोड़कर चोरी की। दुकान संचालक राजू कुमार ने बताया कि चोर पीछे का गेट तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुए और गल्ले में रखे करीब 17 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
वहीं रंजीत गुप्ता की पान मसाला दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने दुकान का गेट तोड़कर करीब 3 हजार रुपये नकद सहित लगभग 60 हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद दुकानदारों में दहशत का माहौल है।

इसके अलावा संतोष चौधरी की फल दुकान से भी चोरों द्वारा करीब 3 हजार रुपये नकद चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं मो. मोहिद की फल दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया। चोरों ने दुकान में लगी रस्सी काटकर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
इसी रात धर्मपट्टी वार्ड संख्या-1 निवासी प्रमोद मिश्र के घर में भी चोरी की घटना हुई। गृहस्वामी प्रमोद मिश्र ने बताया कि अन्य दिनों की तरह शनिवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य घर में सो गए थे। अहले सुबह उनकी पत्नी की नींद खुली तो घर का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद चोरी की घटना की जानकारी हुई।

परिजनों के अनुसार, घर के बाहर स्थित बांसबाड़ी में एक बक्सा फेंका हुआ मिला। गृहस्वामी ने बताया कि चोर घर से एक भरी सोने की चेन, आठ चांदी के सिक्के, करीब नौ चांदी की चेन, जिनका कुल वजन लगभग 27 भरी बताया गया है, 10 पल्ला सूती साड़ी, चार ऊनी शॉल, चार जैकेट, दो बंडी, छह हजार रुपये नकद तथा एक बोरी फूल के बर्तन सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। गृहस्वामी के अनुसार, चोरी में करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
1 अक्टूबर की चोरी के बाद फिर हुई वारदात
गौरतलब है कि 1 अक्टूबर की रात सिमराही बाजार के रामनगर रोड स्थित चार दुकानों में चोरी की घटना हुई थी। एक ही रात चार दुकानों के ताले टूटने और लाखों रुपये के सामान एवं नकदी की चोरी के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया था। व्यापार संघ की ओर से पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर 48 घंटे के अंदर चोरी की घटना का उद्भेदन करने की मांग की गई थी। साथ ही घटना का खुलासा नहीं होने पर 3 अक्टूबर को बाजार बंद रखने की चेतावनी दी गई थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम वीरपुर तथा पुलिस अंचल निरीक्षक वीरपुर सिमराही बाजार पहुंचे थे और आक्रोशित व्यापारियों से बातचीत की थी। अधिकारियों ने व्यापारियों को चोरी की घटना का जल्द उद्भेदन करने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। अधिकारियों के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने प्रस्तावित बाजार बंदी वापस ले ली थी।
दोबारा चोरी से व्यापारियों में बढ़ी चिंता
व्यापारियों का कहना है कि अधिकारियों के आश्वासन के कुछ ही समय बाद दोबारा चोरी की घटना सामने आने से बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है। लगातार चोरी की घटनाओं के कारण व्यवसायी अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सिमराही बाजार में रात्रि गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती करने, चोरी की पूर्व एवं नई घटनाओं का जल्द उद्भेदन करने तथा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो उनका कारोबार प्रभावित होने के साथ ही बाजार में असुरक्षा की भावना और बढ़ सकती है।
घटना के बाद रविवार को वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी लिए।

इस संबंध में वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि घटना काफी चुनौतीपूर्ण है। बताया कि चोरों की पहचान कर ली गई है जिसके लिए छापेमारी की जा रही है। पूर्व की चोरी की घटना को लेकर बताया कि सीआई के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जल्द ही सभी मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।







