News Desk Patna:
बिहार की राजनीति में मोकामा विधायक अनंत सिंह को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने पार्टी के निर्देशों की अनदेखी और विधान परिषद चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत सिंह को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उनकी पत्नी एवं पूर्व विधायक नीलम देवी को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया है।

जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की ओर से शनिवार को जारी आदेश में कहा गया कि अनंत सिंह लगातार पार्टी नेतृत्व के निर्देशों की अवहेलना कर रहे थे। उन पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने और हालिया विधान परिषद चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी के विरोध में काम करने का आरोप लगाया गया है। पार्टी का दावा है कि उन्होंने दूसरे दल के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार भी किया।
इस कार्रवाई के बाद अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी विधायकी समाप्त करने की अनुशंसा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को पत्र भेजा है। हालांकि, सदस्यता समाप्त होने के संबंध में अंतिम निर्णय सक्षम प्राधिकारी द्वारा लिया जाएगा।
गौरतलब है कि अनंत सिंह पटना जिले की मोकामा विधानसभा सीट से छह बार विधायक चुने जा चुके हैं। पार्टी से निष्कासन के बाद बिहार की सियासत में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।







