Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर रविवार को सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने राघोपुर थाना परिसर में वीरपुर अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, लंबित कांडों के निष्पादन, रात्रि गश्ती और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एसपी ने विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की प्रगति की समीक्षा की। विशेष रूप से लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर संबंधित अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने राघोपुर थाना के सभी अनुसंधानकर्ताओं के साथ लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि वीरपुर अनुमंडल के सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों के साथ रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई। इसमें केस रिव्यू, अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्ती और बॉर्डर क्षेत्रों में पैदल गश्ती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की सतर्कता बनाए रखने और नियमित पैदल गश्ती करने पर भी जोर दिया। वहीं, रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने को लेकर भी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस समीक्षा बैठक में वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार, इंस्पेक्टर मिथिलेश पांडेय सहित राघोपुर, करजाईन, रतनपुरा, भीमनगर, वीरपुर और प्रतापगंज थाना के थानाध्यक्ष मौजूद रहे।







