Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा बाजार स्थित हाट परिसर में अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का घना गुबार देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे बाजार में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

बताया जा रहा है कि हाट परिसर में संचालित दुकानों के पीछे कचरे का ढेर जमा था। इसी कचरे के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलने लगी और धुएं का गुबार उठने लगा। आग को बढ़ता देख स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद लोगों ने काफी मशक्कत करते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले ही काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया। गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई दुकान नहीं आई, अन्यथा बाजार में बड़ा हादसा हो सकता था और दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।
वहीं, आग लगने की सूचना के बावजूद दमकल की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि आग लगने जैसी आपात स्थिति में दमकल की गाड़ी को समय पर पहुंचना चाहिए था।
हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा आग पर काबू पाए जाने के बाद दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग लगी जगह पर पानी का छिड़काव किया और पूरी तरह आग बुझने की पुष्टि की।
फिलहाल इस अगलगी की घटना में किसी प्रकार के नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी दुकान को नुकसान नहीं पहुंचा और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।







