News Desk Saharsa:
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) सहरसा इकाई ने शनिवार को बीएनएमयू के कुलपति विमलेंदु शेखर झा का पुतला दहन कर विश्वविद्यालय और आरएम कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में विद्यार्थियों से कथित तौर पर अतिरिक्त राशि वसूली, ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया में देरी और छात्रों की समस्याओं पर प्रशासनिक उदासीनता का आरोप लगाया।
पूर्व विभाग सह संयोजक जयंत जोशी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद पिछले छह महीनों से लगातार कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन देकर छात्र-छात्राओं की समस्याओं से अवगत करा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑफलाइन एडमिशन फॉर्म के नाम पर विद्यार्थियों से 160 रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे थे। इसको लेकर परिषद ने दो बार लिखित आवेदन दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कुलसचिव से संपर्क किया गया। इसके बाद अतिरिक्त राशि लेने की प्रक्रिया बंद हुई। उन्होंने कॉलेज काउंटर पर एडमिशन के दौरान अतिरिक्त पैसे लेने और हाल में वायरल वीडियो के मामले में भी प्रशासन पर उचित जवाब नहीं देने का आरोप लगाया।
परिषद का कहना है कि ऑनलाइन भुगतान की निर्धारित तिथि के बावजूद कॉलेज की वेबसाइट देर से खोली जाती है, जिससे विद्यार्थियों को एडमिशन शुल्क के अलावा अतिरिक्त राशि लाने के लिए कहा जाता है। इससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिला संयोजक सर्वजीत शांडिल्य ने कहा कि कॉलेज में अतिरिक्त राशि लेने की व्यवस्था तत्काल बंद होनी चाहिए। ऑनलाइन प्रक्रिया निर्धारित समय पर शुरू करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थी परिषद अनिश्चितकालीन धरना देने को बाध्य होगी।
पुतला दहन कार्यक्रम में ऋषभ कुमार, सिद्धार्थ कुमार, राजा कुमार, रितेश कुमार, तुलसी कुमार, सौरभ कुमार, राजीव कुमार, स्नेहा कुमारी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।







