
Report: A.K. Chaudhary
गांधी जयंती एवं लालबहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही स्थित एक होटल परिसर में ज्ञान विज्ञान समिति सुपौल तथा बुद्धा कैंसर सेंटर पटना के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर रोग के बढ़ते प्रभाव और रोकथाम को लेकर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राजद के पूर्व विधायक यदुवंश यादव ने किया।

सेमिनार में राजद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बैद्यनाथ मेहता तथा बुद्धा कैंसर सेंटर पटना के निदेशक एवं मुख्य वक्ता डॉ. अरविंद कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्ण कुमार यादव ने की, जबकि मंच संचालन मुखिया संघ अध्यक्ष प्रकाश यादव ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक यदुवंश यादव ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को लेकर आम लोगों में जागरूकता बढ़ाना समय की जरूरत है। लोगों को बीमारी के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बैद्यनाथ मेहता ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और पर्यावरणीय परिस्थितियों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कैंसर की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करने वाले ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं सेमिनार के मुख्य वक्ता बुद्धा कैंसर सेंटर पटना के निदेशक डॉ. अरविंद कुमार ने कैंसर के बढ़ते प्रभाव, जीवनशैली और पर्यावरण से जुड़े पहलुओं तथा इससे बचाव और रोकथाम के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और बीमारी के संभावित संकेतों को नजरअंदाज नहीं करने की बात कही। उन्होंने कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच एवं चिकित्सकीय सलाह लेने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सेमिनार में वर्तमान जीवनशैली एवं परिवेश में कैंसर रोग के बढ़ते प्रभाव और रोकथाम के विषय पर चर्चा की गई। आयोजन का उद्देश्य लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते इसके बचाव के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था।
मौके पर भूपनारायण यादव, सोनी यादव, डॉ. वीके यादव, डॉ. रमेश यादव, विंदेश्वर मरीक, डॉ. रमेश मेहता, मुस्तफा राइन, राजेंद्र यादव, मनोज यादव, नारायण यादव, रामेश्वर यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।







