सुपौल: भपटियाही बाजार में प्रशासन का बुलडोजर, सरकारी जमीन पर बनी अवैध दुकानें ध्वस्त, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप

सुपौल के सरायगढ़-भपटियाही बाजार में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने दो अवैध दुकानों पर बुलडोजर चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अंचलाधिकारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया, जबकि प्रशासन ने आगे भी अभियान जारी रखने के संकेत दिए।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के भपटियाही बाजार में सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्मित दो दुकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। अंचल प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों, स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीन के जरिए दोनों दुकानों को गिराया गया।

जानकारी के अनुसार, अंचलाधिकारी धीरज कुमार के नेतृत्व में भपटियाही थाना पुलिस, दंडाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित राजू रंजन सिंह और संजय स्वर्णकार की दुकानों को चिन्हित कर कार्रवाई की। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे अभियान के दौरान पुलिस बल को तैनात रखा गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

अंचलाधिकारी धीरज कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर विभागीय स्तर से कार्रवाई का आदेश प्राप्त हुआ था। उन्होंने बताया कि सरायगढ़ निवासी संपत्ति कुमार यादव ने सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत शिकायत दर्ज कर सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण की जांच और कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत की जांच के बाद संबंधित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश मिला, जिसके अनुपालन में सोमवार को दोनों दुकानों को हटाया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान सिर्फ दो दुकानों तक सीमित नहीं रहेगा। बाजार क्षेत्र समेत आसपास सरकारी भूमि पर बने अन्य अवैध मकानों, दुकानों और निर्माण कार्यों की भी जांच की जा रही है। जांच में जहां भी अवैध कब्जा पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस सख्त रुख के बाद सरकारी जमीन पर कब्जा कर निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

इधर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि केवल दो दुकानों पर कार्रवाई कर देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। लोगों ने मांग की कि एनएच-27 और एनएच-327ए के किनारे सरकारी जमीन पर बने सभी अवैध मकानों और दुकानों को चिन्हित कर निष्पक्ष एवं व्यापक कार्रवाई की जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क किनारे लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पूरे भपटियाही बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]