सुपौल: राघोपुर अंचल कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, भूमि एवं जमीनी विवाद से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई

राघोपुर अंचल कार्यालय में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में भूमि एवं जमीनी विवाद से जुड़े 12 मामलों की सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया की अध्यक्षता में आयोजित दरबार में 6 मामलों का मौके पर निष्पादन किया गया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां भूमि एवं जमीनी विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया।

जनता दरबार मे उमड़ी लोगों की भीड़

जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन की मापी, दाखिल-खारिज, रास्ता विवाद, कब्जा विवाद तथा आपसी जमीन संबंधी मामलों की सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी ने एक-एक आवेदनों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी समझौते के माध्यम से विवाद सुलझाने का भी प्रयास किया गया।

अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी मामलों की सुनवाई की गई। इनमें से 6 मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया के लिए संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को त्वरित न्याय और सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर लोग सीधे जनता दरबार में पहुंचें, ताकि समयबद्ध तरीके से समस्या का समाधान किया जा सके।

मौके पर करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार, राघोपुर थाना के एसआई उमेश कुमार सहित अंचल कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]